संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। गैस गैस चूल्हा रिपेयरिंग की एक दुकान में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। इसकी जानकारी पाकर पुलिस एवं दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। इस दौरान दुकानदार भी मामूली रूप से झुलस गया।
पानीपत-खटीमा राजमार्ग स्थित कोतवाली के बराबर में शुक्रवार को गांव मोहम्मदपुर राई निवासी मतलूब की गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान में आग लग गई। गैस सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गए। कुछ ही देर में आग की लपटें पास की दुकानों तक पहुंच गईं। जिस पर सरवर की जूस की दुकान और वहां खड़ी जीशान तथा मोबिन की फलों की ठेलियों में भी चपेट में आ गई। जिससे उनकी दुकान व ठेलियों का सामान भी जलकर नष्ट हो गया। पुलिस व दमकल विभाग की टीम जानकारी पाकर मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर पानी डालकर बमुश्किल काबू पाया। वहीं, दुकानदार मतलूब भी आग बुझाने के प्रयास के दौरान मामूली रूप से झुलस गया।
कोट
कैराना में गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान में लगी आग बुझा दी है। ओवरहीट हुए गैस सिलिंडरों को ठंडा किया गया। प्रथमदृष्टया माना गया कि संभवत: यहां रीफिलिंग की जाती थी। मामले की जांच की जा रही है। -दीपक शर्मा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी
हो सकता था बड़ा हादसा
दुकान के अंदर छोटे-बड़े करीब 12 गैस सिलिंडर रखे हुए थे। ऐसे में गैस सिलिंडर फटने की आशंका के चलते लोग सहमे हुए थे। कहा जा रहा है कि यदि गैस सिलिंडर फट जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं, आग बुझने के बाद आसपास के लोगों ने भी राहत की सांस ली।
मौके पर पहुंचे अफसर
गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान में आग लगने की सूचना पाकर पुलिस क्षेत्राधिकारी कैराना अमरदीप मौर्य व मुख्य अग्निशमन अधिकारी शामली दीपक शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने हादसे के संबंध में जानकारी ली।