झिंझाना घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ऊन एसडीएम संदीप कुमार, चीनी मिल के अधिकारी। संवाद
झिंझाना (शामली)। थाना क्षेत्र के गांव रंगाना में ऊन शुगर मिल के गन्ना तौल सेंटर पर बनी झोपड़ी में शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। झोपड़ी में सोए वृद्ध चौकीदार की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव रंगाना निवासी 62 वर्षीय ओमपाल वर्ष पुत्र घासीराम पिछले लगभग 20 साल से गन्ना तौल सेंटर पर चौकीदार के रूप में नौकरी करता था। शुक्रवार रात वह गांव रंगाना में ऊन शुगर मिल के गन्ना तौल केंद्र पर झोपड़ी में सो रहे थे। संदिग्ध परिस्थितियों में झोपड़ी में आग लगने से चौकीदार ओमपाल की जलकर मौत हो गई। शनिवार सुबह खेतों में जा रहे किसानों ने जली झोपड़ी तथा पास में जलकर मरे चौकीदार के बारे में गांव तथा परिजनों को सूचना दी। घटना की सूचना पर ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे। पुलिस भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। जिसके बाद सीओ कैराना अमरदीप मौर्य एवं फोरेंसिक टीम ने मौके से तथ्य जुटाए।
घटना स्थल पर एसडीएम ऊन संदीप कुमार त्रिपाठी तथा ऊन शुगर मिल के जीएम कुलदीप पिलानिया भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा दस लाख रुपये मुआवजा एवं मृतक के बेटे को नौकरी की मांग की। मिल के जीएम कुलदीप पिलानिया द्वारा मृतक ओमपाल के पुत्र को नौकरी तथा दो लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं एसडीएम ऊन संदीप कुमार त्रिपाठी द्वारा किसान दुर्घटना बीमा से पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक अपने पीछे दो बेटे छोड़ गया। जबकि पत्नी की भी पूर्व में ही मौत हो चुकी है। इस दौरान ग्राम प्रधान संदीप चौधरी, रालोद नेता सनोज चौधरी आदि मौजूद रहे।
झिंझाना घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे ऊन एसडीएम संदीप कुमार, चीनी मिल के अधिकारी। संवाद