- गांव मन्ना माजरा का मामला, पुलिस ने सीओ के आदेश पर दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। चहारदीवारी गिराने के विरोध करने पर भूमि स्वामियों के साथ मारपीट के साथ फायरिंग भी गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। मामले में महिला सहित 18 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शामली की कमला कॉलोनी निवासी भारत मित्तल ने सीओ को तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी व अन्य लोगों ने गांव मन्ना माजरा में भूमि खरीद कर रखी है, जिसका बैनामों के आधार पर दाखिल-खारिज भी हो चुका है और उनका भूमि पर कब्जा चल रहा है। वह भूमि की चहारदीवारी भी करा चुके हैं। बृहस्पतिवार को सचिन और इमरान के साथ वह भूमि पर पहुंचे। आरोप है कि 18-20 लोग उनकी चहारदीवारी गिराने लगे। ईंटों को चोरी कर ले जाने लगे। जब विरोध किया, तो उनके साथ में मारपीट की गई। एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग भी की, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में रिजवान, जाहिदा, इरफान, अरफान, अदनान, हमदान, इंतजार, मुसीद, तसव्वर, मजाहिर, आलिम, फरमान, मुकीम, रियासत उर्फ जफरू, जाऊल, रिजवान व जावेद निवासीगण गांव मन्नामाजरा तथा इकराम निवासी गांव राणा माजरा जनपद पानीपत हरियाणा को नामजद कराया गया है। पुलिस ने सीओ के आदेश पर मामला दर्ज करते हुए अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी है।
बुलेरो ने ऑटो में मारी टक्कर, एक गंभीर
कैराना। झिंझाना थानाक्षेत्र के आमवाली निवासी मुनव्वर ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने भाई सरवर के साथ ऑटो रिक्शा में पानीपत से कैराना आ रहा था। इसी दौरान कैराना बाईपास पर एक गाड़ी ने ऑटो रिक्शा में टक्कर मार दी, जिसमें उसका भाई सरवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को वह शामली सरकारी अस्पताल में ले गए। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। संवाद