थानाभवन। सड़क किनारे रखे विद्युत ट्रांसफार्मर में ट्रक की टक्कर लगने से फाल्ट हो गया और विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। वहीं कई घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। विद्युत विभाग के अधिकारियों को बार-बार शिकायतों के बावजूद सड़क किनारे रखे विद्युत ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग नहीं कराई गई है। अब इसका खामियाना नगर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। दयाल आश्रम से मेला ग्राउड जा रहे रास्ते पर तीन स्थानों पर विद्युत विभाग के तीन ट्रासफार्मर सड़क किनारे रखे हैं। शनिवार देर शाम उनमें से दूसरे नंबर पर रखे ट्रासफार्मर में शुगर मिल में गन्ना डाल कर वापस जा रहे ट्रक की टक्कर लग गई। टक्कर लगने पर तेज चिंगारी के साथ ट्रांसफार्मर में फाल्ट हो गया। इसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद हो गई और कई घरों में इन्वर्टर फुंक गए। वहीं हादसे के बाद करीब एक घंटा यातायात बाधित रहा। इस मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक गन्ने से ओवर लोड होकर निकलते हैं और मिल में गन्ना डालकर इसी मार्ग से वापस जाते हैं। मोहल्ला निवासी दिनेश कुमार सभासद, श्रवण सैनी, विनोद कुमार, देशराज, हंसराज, प्रवीण कुमार, मेहरबान, अंकित कुमार आदि ने बताया कई बार विद्युत विभाग से इस संबंध में शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।