- सोमवार को ग्राम सचिव व चौकी प्रभारी जलभराव की समस्या के निपटारे को पहुंचे थे लुहारी संवाद न्यूज एजेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। हसनपुर लुहारी गांव में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जब अधिकारियों ने किसानों से नाला खोलने का आग्रह किया तो किसानों ने साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि पहले नाले से आगे पानी की सप्लाई की व्यवस्था की जाए। उसके बाद ही वह नाला खोलने देंगे।
हसनपुर लुहारी गांव का अधिकांश पानी बस स्टैंड पर एकत्रित होता है। पूर्व में यह पानी बस स्टैंड से नाला केक माध्यम से टांडा गांव से आगे तालाब में जाता था, लेकिन कुछ दिन पहले टांडा गांव के ग्रामीणों ने अपने यहां पानी आने पर रोक लगा दी थी और नाले को मिट्टी डालकर बंद कर दिया था। जिसके बाद सारा पानी हसनपुर लुहारी गांव के किसानों के खेतों में घुसने लगा। इसके बाद हसनपुर लुहारी गांव के किसानों ने भी अपने-अपने खेत के स्थान पर नाले को बंद कर दिया। इसके बाद सारा पानी बस स्टैंड पर एकत्रित होता है।
सोमवार को ग्राम पंचायत सचिव नीरज सैनी व चौकी प्रभारी विक्रम भाटी मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों से नाला खोलने का आग्रह किया। इस पर किसानों ने कहा कि यदि वह नाला खोल देंगे तो सारा पानी उनके खेतों में घुस जाएगा। जब तक पानी की आगे सप्लाई की व्यवस्था नहीं होती। तब तक वह नाला नहीं खोलेंगे। जिसके बाद अधिकारी वापस लौट गए। इस दौरान ब्रजपाल, कपिल, बबलू, आलोक, शहजाद, मुकेश, सोनू आदि किसान मौजूद रहे।
जिपं सदस्य ने डीएम को दिया पत्र
जिला पंचायत सदस्य डॉक्टर नीरज सैनी ने सोमवार को डीएम को पत्र देते हुए कहा कि हसनपुर लुहारी गांव से टांडा गांव को जाने वाले रास्ते से एक 70 साल पुराना नाला है, जो आगे चलकर लुहारी के ही हिंडन नदी के नाले में मिलता है। आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले टांडा गांव के कुछ दबंग लोगों ने नाले को बंद कर दिया। जिस कारण सारा पानी हसनपुर लुहारी गांव के बस स्टैंड पर एकत्रित होता है। जिससे लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जिलाधिकारी से उक्त नाले को खुलने की मांग की है। जिलाधिकारी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।