-मिल के अधिकारियों से बृहस्पतिवार शाम को हुई वार्ता रही विफल
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। अपर दोआब चीनी मिल गेट पर किसानों का बकाया गन्ना भुगतान को लेकर बेमियादी धरना बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। किसानों की शाम के समय मिल अधिकारियों से हुई वार्ता विफल रही। किसानों ने संपूर्ण गन्ना भुगतान होने तक आंदोलन जारी रखने की घोषणा की।
बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने बुधवार को अपर दोआब चीनी मिल के गेट पर महापंचायत की थी, जो संपूर्ण गन्ना भुगतान की मांग को लेकर बेमियादी धरने में तब्दील हो गई। गन्ना विभाग और मिल के अधिकारियों के साथ हुई वार्ता भी विफल हो गई थी। रात में भी किसान धरना स्थल पर जमे रहे। बृहस्पतिवार शाम तक किसानों के बीच कोई अधिकारी नहीं पहुंचा, जिस पर किसानों ने कड़ा आक्रोश जताया। शाम करीब 5 बजे मिल के अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। किसान संपूर्ण गन्ना भुगतान की मांग पर अड़े रहे। मिल अधिकारियों से वार्ता विफल रही। किसान नेता विनोद निर्वाल ने कहा कि गन्ना भुगतान न होने से किसानों की स्थिति दिन-प्रतिदिन दयनीय होती जा रही है। प्रशासन और मिल प्रबंधन इस पर चुप्पी साधे बैठा है। जब तक किसानों को संपूर्ण बकाया गन्ना भुगतान नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। सुखवीर गोहरनी, रामपाल सिंह, विजय चौधरी, उदयवीर बनत, कृष्णपाल सिंह पीरखेड़ा, देवानंद खंद्रावली, प्रताप सिंह लिलौन, अफसर चौहान बलवा, रवि चौहान बलवा, सतवीर सिंह गाजीपुर आदि मौजूद रहे।
गन्ना भुगतान की मांग को लेकर डीएम से मिले रालोद विधायक
फोटो
शामली। सदर विधायक प्रसन्न चौधरी व थानाभवन विधायक अशरफ अली खान ने गन्ना भुगतान को लेकर डीएम रविंद्र सिंह से मुलाकात की। उन्होंने जिले की तीनों शुगर मिलों से बकाया गन्ना भुगतान कराने की मांग की। इस दौरान एडीएम संतोष कुमार सिंह, डीसीओ विजय बहादुर सिंह और शामली चीनी मिल के अधिकारी मौजूद रहे। दोनों विधायकों ने जनपद के तीनों शुगर मिल पर बकाया भुगतान को लेकर नाराज़गी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार गन्ना भुगतान शीघ्र करने को कहा। विधायक ने गन्ना आयुक्त से फोन पर वार्ता की और जनपद में गन्ना भुगतान की स्थिति से अवगत कराया। गन्ना आयुक्त और डीएम शामली ने जल्द से जल्द गन्ना भुगतान करने का आश्वासन दिया। विधायकों ने कहा कि जल्द ही किसानों का गन्ना भुगतान न होने पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह से वार्ता कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
कांधला। क्षेत्र के गांव पंजोखरा में गन्ना भुगतान समस्या से आक्रोशित किसानों ने गांव के शिव मंदिर में पंचायत की। इसके बाद पूर्व एमएलसी वीरेंद्र सिंह के फार्म हाउस पर पहुंचकर किसी अन्य गन्ना मिल का क्रय केंद्र गांव में स्थापित कराने की मांग की। एमएलसी ने किसानों को उनकी समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
क्षेत्र के गांव पंजोखरा के किसान करीब 1.35 लाख क्विंटल गन्ने की आपूर्ति प्रतिवर्ष शामली चीनी मिल को करते हैं। गांव के किसानों के गन्ने का भुगतान समय से न हो पाने से किसानों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित किसानों ने गांव के शिव मंदिर में एक पंचायत की। मौके पर मौजूद ब्लाॅक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक ने किसानों की गन्ना भुगतान समस्या का समर्थन करते हुए कहा कि वह भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के सहयोग से किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। ग्राम प्रधान संदीप फौजी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वह हर हाल में अन्य शुगर मिल का क्रय केंद्र लगवाकर रहेंगे ताकि गांव के किसानों की समस्या का समाधान हो सके। तेजपाल सिंह और डॉ. पवन सिंह ने भी अन्य किसानों सहित ग्राम प्रधान की बात का समर्थन किया। किसान जोगेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि समय से गन्ना भुगतान न होने से किसान का कोई भी काम समय पर नहीं हो पा रहा है। घंटों चली पंचायत के बाद किसानों ने भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह से मिलकर अपनी समस्या का समाधान कराने का निर्णय लिया। इसके बाद ग्रामीण भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह के फार्म हाउस पर पहुंचे और अपनी समस्या से अवगत कराते हुए शामली के अलावा किसी अन्य शुगर मिल का क्रय केंद्र स्थापित कराने की मांग की। भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने किसानों को उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। पंचायत की अध्यक्षता बिक्रम सिंह और संचालन मास्टर रामधन सिंह ने किया।