शामली। किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने और स्मार्ट मीटरों के लगाने के विरोध में किसानों, भारतीय किसान यूनियन प्रधान के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलक्ट्रेट में धरना दिया। एक तरफ शामली कलक्ट्रेट स्थापना दिवस का कार्यक्रम चलता रहा तो दूसरी तरफ किसानों के नारे गूंजते रहे। किसानों ने जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। किसानों ने चार घंटे तक धरना दिया। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम संतोष कुमार को सौंपा।
शनिवार को सुबह 11 बजे ट्रैक्टर और ट्राॅलियों में सवार होकर काफी संख्या में किसान शामली कलक्ट्रेट पर पहुुंचे और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। किसानों ने कहा कि बार-बार मांग के बावजूद किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया जा रहा है। यूनियन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी चौधरी अमित मलिक, सन्नी निर्वाल ने कहा कि पिछले साल का बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने के कारण किसान आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है। इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगाने का भी किसानों ने विरोध किया। कहा कि किसी भी घर पर स्मार्ट मीटर नहीं लगाए जाए। बेसहारा गोवंशों से निजात दिलाने की भी अपील की। कहा कि गोवंशों के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो रही है मगर विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे।
किसानों ने गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल कराने की भी मांग की। अंत में चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को भी बाध्य होंगे।
इस दौरान जिलाध्यक्ष सरदार सतेंद्र सिंह, विपिन राठी, बिजेंद्र कश्यप, अमित मलिक, राहुल शर्मा, शाकिब खान, आस मौ., सुरेश पाल, भूपेंद्र कुमार, राजेंद्र पंवार, सोनू, सरजीत सिंह, कुलदीप प्रजापत आदि शामिल रहे।
धरना स्थल पर ही देशभक्ति गीत गूंजे
किसानों ने धरना स्थल पर ही देश भक्ति गीत भी सुनाए। महिला किसानों ने भी धरने में बढ़ चढ़कर भागीदारी की। उधर, सुरक्षा की दृष्टि से कलक्ट्रेट में पुलिस तैनात रहा।
लगा रहा जाम
कलक्ट्रेट के पास किसानों ने ट्रैक्टरों को खड़ा कर दिया था। जिसके कारण कलक्ट्रेट के बाहर सड़क के दोनों ओर काफी देर तक जाम लगा रहा। जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने तक जारी रहेगा धरना
फोटो
शामली। किसान नेता संजीव शास्त्री के नेतृत्व में किसानों ने दूसरे दिन भी मिल परिसर में धरना दिया। गुस्साए किसानों ने मिल प्रशासन के खिलाफ खूब नारेबाजी की। कहा कि बार-बार मांग के बावजूद बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा, जिसके कारण किसानों को परेशानी हो रही है। किसानों ने बकाया भुगतान नहीं करने तक धरना जारी रखने की बात कहीं। धरने में र्मेंद्र, प्रभात मलिक, विक्रांत लिलौन, सुरेंद्र, प्रदीप कुमार, बालेंद्र, सतबीर सिंह, कंवरपाल, अंकित पंवार शामिल रहे। अध्यक्षता इकबाल सिंह ने की।