किसानों के विरोध के चलते बैरंग लौटी विद्युत निगम की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊन। कस्बे में नलकूपों पर मीटर लगाने पहुंची विद्युत निगम की टीम को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। इसके चलते टीम बैरंग लौट गई। किसानों ने चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर नलकूपों पर मीटर नहीं लगने दिया जाएगा।
एक्सईएन शोभित कुरील के निर्देश पर शनिवार को विद्युत निगम की टीम टीजीटू ओंकार राय के नेतृत्व में कस्बे में नलकूपों पर लगे ट्रांसफार्मर पर मीटर लगाने पहुंची। टीम गाड़ी से मीटर लेकर नलकूप पर गई। वहां गन्ना बांध रहे किसानों ने टीम को देखा। इस पर फोन से अन्य किसानों को जानकारी दी। इस पर बड़ी संख्या में किसान भाकियू के नगर अध्यक्ष सुमित देओल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीटर लगाने का विरोध किया।
किसानों ने चेतावनी दी कि नलकूपों पर मीटर नहीं लगाने दिया जाएगा। सरकार चुनाव में सिंचाई के लिए बिजली फ्री करने का वादा करती है। दूसरी ओर, मीटर लगवाती है। इसका विरोध किया जाएगा। किसानों के विरोध को देखते हुए विद्युत टीम मीटर लेकर लौट गई। इस संबंध में टीजीटू ओंकार राय ने बताया कि एक्सईएन के निर्देश पर पांच नलकूपों के ट्रांसफार्मर पर मीटर लगाने के लिए टीम आई थी। किसानों के विरोध के चलते मीटर नहीं लगाए गए।