- बुधवार और बृहस्पतिवार को सुबह से ही अंडरपास के निकट जारी रहा ग्रामीणों का धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली, जलालाबाद। अंडरपास की ऊंचाई बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत किसानों ने दुल्हैंडी के दिन अंडरपास पर ही होली मनाई। किसानों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो उग्र आंदोलन करेंगे।
क्षेत्र के गांव हसनपुर लुहारी के किसान दुल्हैंडी के दिन सुबह से ही अंडरपास पर जुटने शुरू हो गए थे। किसानों ने दुल्हैंडी के दिन भी धरना जारी रखा। किसानों ने मौके पर ही एक दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। किसानों ने कहा कि अंडरपास की 9 फीट ऊंचाई बहुत कम है। इससे किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने अंडरपास की ऊंचाई बढ़ने तक धरना जारी रखने की चेतावनी जारी रखी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अधिकारी उनपर दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। जिला प्रशासन स्तर से उनकी समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह मुख्यमंत्री व पीएमओ में शिकायत भेजकर समस्या के समाधान की मांग करेंगे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक अंडरपास की ऊंचाई नहीं बढ़ाई जाएगी। अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। धरना प्रदर्शन करने वालों में संजय सैनी, पूर्व प्रधान सतीश सैनी, धर्मपाल सैनी, आर्येश सैनी, राजकुमार सैनी, सुशील सैनी, इंद्रकुमार, सुरेंद्र सिंह, जोना कुमार, पुनीत, हरिओम, राजा सैनी, मुकेश, बाबूराम, नवीन कुमार आदि ग्रामीण मौजूद रहे।