किसान को गोली मारकर किया घायल
कांधला। खेत पर पानी चलाने के लिए गए 40 वर्षीय किसान को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
बुधवार को थाना क्षेत्र के गांव सुनना निवासी वाहिद पुत्र सूबेद्दीन शाम को अपने खेत पर पानी चलाने के लिए गया था। खेत पर कार्य करते समय बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश मौके पर पहुंचे और किसान के साथ हाथापाई करते हुए किसान पर तमंचे से गोली चला दी। किसान के पैर में गोली लग जाने से किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। ग्रामीणों ने पुलिस को मामले की सूचना देकर मौके पर बुला लिया। पुलिस ने घायल वाहिद को कांधला कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल ने बताया कि वह खेत पर पानी चलाने के लिए पहुंचा था और इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसको गोली मारी है और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस सहित अन्य उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटना के संबंध में जानकारी ली।
किसान की हत्या के जल्द खुलासे की मांग
कांधला। फतेहपुर के जंगल में गांव जसाला निवासी किसान की हत्या के मामले का पुलिस एक सप्ताह बाद भी खुलासा नहीं कर पाई है। परिजनों ने पुलिस से मिलकर जल्द खुलासे की मांग की है।
जसाला निवासी यशवेंद्र पुत्र यशपाल 30 अगस्त को गांव फतेहपुर माइनर के समीप स्थित अपने खेतों पर पानी चलाने गया था। दोपहर के समय किसान का शव खेत के समीप पड़ा मिला था। घटना के संबंध में परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर खेत के पड़ोसी किसान पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। जिसमें पुलिस एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। किसान की हत्या को एक सप्ताह से भी अधिक का समय बीत चुका है। लेकिन स्थानीय पुलिस किसान के हत्यारों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। घटना के संबंध परिजनों ने पुलिस से मिलकर घटना के शीघ्र खुलासे किए जाने की मांग की है। पुलिस ने भी शीघ्र ही घटना का खुलासा कर हत्यारों को जेल भेजे जाने का आश्वासन दिया। पूरे मामले में कई दिन से हिरासत में लिए गए खंद्रावली निवासी किसान को छोड़े जाने के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चा बनी हुई है। पुलिस ने भी कई अहम बिंदुओं के सामने आने पर परिवार के लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है मामले में पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार वह घटना के खुलासे काफी करीब है। जल्द ही इस वारदात को लेकर एक सनसनीखेज खुलासा किया जाएगा।