कैराना (शामली)। 22 जून 2023 की रात दिल्ली के कुंडली बाॅर्डर पर दिल्ली के रोहिणी की स्पेशल टीम ने कैराना निवासी ताजिम को 2 लाख 51 हजार के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था। एक दिन बाद दिल्ली स्पेशल टीम ने नगर के पुराना बाजार में दबिश देकर सराफा व्यापारी इरशाद उर्फ भूरू कोे उसके घर से गिरफ्तार किया था। इरशाद के पास से तीन लाख की नकली करेंसी, नकली नोट बनाने में प्रयोग की जाने वाली स्याही, प्रिंटर व नोट में लगने वाले चमकीले तार बरामद किए थे। दिल्ली स्पेशल टीम ने दोनों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया था जहां से दोनों को तिहाड़ जेल भेज दिया था।
कैराना में लोगों के वीजा पासपोर्ट भी बनाता था इकबाल काना
इकबाल काना 90 के दशक में गठरी व्यवसाय से जुड़ी महिलाओं व पुरुषों के वीजा पासपोर्ट बनवाने का काम करता था। रुपयों की लालसा बढ़ी तो इकबाल काना हथियार तस्करी में लग गया। 1995 में दिल्ली में पाकिस्तान से लाई गई 75 पिस्टल पकड़ी गई थी। छह आरोपी भी गिरफ्तार हुए थे। जिन्होंने बताया था कि उक्त पिस्टल इकबाल काना की है। सुरक्षा एजेंसियों ने इकबाल काना की घेराबंदी शुरू की तो वह पाकिस्तान भाग गया तथा पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में रहकर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने लगा।