शामली। सिल्वर बेल्स स्कूल में काकोरी ट्रेन कांड महोत्सव पर प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि आजादी के दीवानों ने एक लक्ष्य बनाकर हमें यह मुकाम दिलाया है, इसे भुलाया नहीं जा सकता। अब शहीदों की चिताओं पर हर वर्ष मेले लगेंगे।
शुक्रवार को काकोरी ट्रेन कांड शताब्दी महोत्सव के अवसर पर जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल में हुआ। कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत व नाटक प्रस्तुत किए। प्रभारी मंत्री दिनेश खटीक ने ऐतिहासिक घटनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि शहीदों को पूरा देश नमन करता है।
डीएम रविन्द्र सिंह, एसपी रामसेवक गौतम, सीडीओ विनय कुमार तिवारी, एडीएम संतोष कुमार सिंह ने शहीदों के बारे में बताया। प्रभारी मंत्री ने जनपद के शहीदों के परिवार के लोगों को शॉल ओढ़ाकर व प्रतीक चिह्न लेकर सम्मानित किया। एमएलसी वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रसन्न चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजेंद्र निर्वाल आदि ने शहीदों को नमन करते हुए उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की बात कही। इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स व स्काउट गाइडों ने शहर में प्रभात फेरी निकाली। इस दौरान सांख्यिकी अधिकारी डॉ. हरेंद्र, जिला विद्यालय निरीक्षक जेएस शाक्य, अमित मलिक, प्रधानाचार्य, अरुण कुमार गोयल रहे। संचालन अनुराग शर्मा ने किया।