शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पुराने टायर से तेल निकालने की फैक्टरी में आग लग गई। आग लगने का कारण बाॅयलर फटना बताया जा रहा है। भीषण आग की चपेट में आकर वहां काम कर रहे छह लोग झुलस गए। गंभीर हालत में सभी को शामली के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। दमकल की तीन गाडियां मौके पर आग बुझाने में जुटी। रात 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
शहर के मोहल्ला शिवगंज मंडी निवासी गौरव गोयल की औद्योगिक क्षेत्र में पुराने टायर से तेल निकालने और बैटरी बनाने की फैक्टरी है। शनिवार शाम करीब चार बजे फैक्टरी के परिसर में स्थित पड़े पुराने टायरों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे देखते हुए फैक्टरी में काम कर रहे लोगों में अफरा तफरी मच गई। इस दौरान आग की चपेट में आने से अंकित (35) निवासी गांव ऐरटी, महेश (40) निवासी गांव कंडेला, रामचंद्र (42) निवासी गांव कंडेला और तीन अन्य व्यक्ति झुलस गए। आसपास के लोगों की मदद से गंभीर हालत में चारों को शहर के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उन्हें मेरठ रेफर कर दिया। बताया गया है कि आग बुझाने के दौरान फैक्टरी संचालक गौरव गोयल के हाथ भी मामूली रूप से झुलस गए।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी श्यामवीर, सीएफओ जेके श्रीवास्तव, एसडीएम सदर विनय कुमार, एफएसओ आलोक सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दमकल की तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर पानी डालकर काबू पाने की मशक्कत में जुट गए। एफएसओ का कहना है कि रात दस बजे आग पर काबू पाया जा सका। एफएसओ ने बताया फैक्टरी में पुराने टायरों के निकट ही तेल से भरे तीन टैंकर खड़े थे, जिन्हें बचा लिया गया। देर रात एएसपी ने फैक्टरी जाकर जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग बॉयलर के फटने से लगी जिसमें छह लोग झुलसे है।
आग लगने की घटना को दबाने की कोशिश
फैक्टरी में शाम करीब चार बजे आग लग गई थी। शुरूआत में आग हल्की थी। फैक्टरी संचालक व वहां मौजूद लोगों ने पहले फैक्टरी के पानी से ही आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन पुराने टायरों में लगी आग तेजी से भड़कती गई। करीब एक घंटे बाद शाम सवा पांच बजे दमकल विभाग को सूचना दी गई। आग लगने की सूचना देर से दी गई, जिस कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत की गई।
दो बार तेज आवाज के हुए धमाके
औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्टरी में आग लगने के बाद काला धुुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद तेज आवाज के साथ दो बार धमाके हुए और काले धुएं का गुब्बार और आग की लपटे उठती दिखाई दी। इसके बाद आग लगने की जानकारी मिली। धमाके की आवाज बॉयलर फटने से हुई।
सीएचसी पर डॉक्टरों को किया अलर्ट
कैराना। इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री में आग लगने के बाद कैराना सीएचसी पर डॉक्टरों और स्टाफ को अलर्ट कर दिया। सीएचसी की इमरजेंसी में तैनात डॉ विकास वर्नवाल ने बताया कि सीएमओ का फोन आया था जिसमें कहा गया था कि इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री में आग लगने से अगर कोई भी घायल वहां आता है, तो उसे तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जाए।
शामली कैराना रोड ओद्योगिक क्षेत्र में फेक्ट्री में लगी आग
शामली कैराना रोड ओद्योगिक क्षेत्र में फेक्ट्री में लगी आग