आरक्षण पर टिकी हैं निगाहें
शामली। शासन स्तर से नगर निकायों के वार्डों और चेयरमैन पद का आरक्षण लेट हो रहा है। आरक्षण लेट होने से निकायों के दावेदारियों की टेंशन बढ़ती जा रही है। चुनाव लेट होने से उनका प्रचार का खर्चा बढ़ रहा है।
पिछली बार नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना गत 27 अक्तूबर को जारी हो गई थी। इस बार नगर निकाय चुनाव में विलंब होते जा रहे हैं। 18 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है। शासन के निर्देश पर 22 अक्तूबर को वार्डों का आरक्षण तैयार करके चार नवंबर को शासन को भेजने की तैयारियां चल रही थीं। ऐन वक्त पर चार नवंबर को शासन से वार्डों के आरक्षण की नई गाइडलाइन जारी कर दी गई, जिसके बाद नए सिरे से वार्डों का आरक्षण तैयार कर भेजा गया। उम्मीद की जा रही थी कि 20 नवंबर के बाद शासन से नगर निकायों के वार्डों का आरक्षण जिला मुख्यालय पर अधिसूचित कर दिया जाएगा। आपत्तियों के निस्तारण के बाद वार्डों के आरक्षण लागू करने का अनुमान था।
कयास लगाया जा रहा था कि 22 नवंबर के बाद शासन स्तर से नगर निकाय के चेयरमैन का आरक्षण घोषित हो जाएगा। नवंबर माह समाप्त होने जा रहा है। शासन स्तर से नगर निकाय चुनाव के वार्डों के आरक्षण पर मुहर अभी तक नहीं लगी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि विधानसभा उपचुनाव के बाद 5 से 9 दिसंबर तक विधानसभा का सत्र चलेगा। इसी दौरान अनुपूरक बजट पारित होने और सत्र समाप्ति के बाद नगर निकाय चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी होगी। नगर निकाय के चुनाव में विलंब होने से वार्डों के सदस्य और चेयरमैन पद के दावेदारों की टेंशन बढ़ रही है। यदि चुनाव और विलंब हुआ तो उनका खर्च बढ़ जाएगा। दूसरी ओर उपनिर्वाचन अधिकारी एडीएम संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में जिला प्रशासन जुटा हुआ है।
नगर निकायों का वर्ष 2017-2022 के मतदाताओं का आंकड़ा
निकाय पुरुष महिला कुल मतदाता पुरुष महिला कुल मतदाता
कांधला 16817 15401 32218 18681 17339 36020
कैराना 34560 30534 65094 43280 38569 81849
शामली 48432 43148 92561 53161 47626 100787
एलम 5772 4895 10667 5937 5080 11017
जलालाबाद 10619 9773 20392 11502 10527 22029
ऊन 7127 6167 13294 7451 6595 14046
गढ़ीपुख्ता 5186 4656 9842 5562 5042 10604
बनत 7489 6599 14088 7857 7097 14964
झिंझाना 7717 6720 14437 8474 7513 15987
थानाभवन 15629 14413 30042 17340 16358 33618
कुल 159348 142306 301654 179245 161746 340991
---
जिले की निकायो में कुल -173 वार्ड
- मतदान केंद्रो की संख्या - 103
- मतदान स्थल - 384
- निकायो के कुल मतदान केंद्र - 103
- मतदान स्थल- 385
- संवेदनशील मतदान केंद्र - 43
- मतदान स्थल -149
- अति संवेदनशील मतदान केंद्र - 35
- मतदान स्थल 105
- अतिसंवेदन शील प्लस मतदान केंद्र- 49