संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। कृष्णा नदी में तेज धमाके के साथ 20 फीट तक कीचड़ की बौछारें उठी। एक युवक नदी में विस्फोटक डालकर फरार हो गया।
जलालाबाद -लुहारी मार्ग पर कृष्णा नदी में मंगलवार की सुबह तेज धमाका हुआ। जिससे आस पास के खेतों पर काम कर रह लोग सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि नदी के पानी की बौछार तेज धमाके के साथ 20 फीट ऊंचे पुल से भी ऊपर तक फैल गई। धमाका किस प्रकार के विस्फोटक से हुआ इसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
पुल के पास से गुजर रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि लुहारी की ओर से बाइक पर आए एक युवक ने नदी में कुछ फेंका। जिसके बाद तुरंत ही गाड़ी के टायर फटने जैसा तेज धमाका हुआ। नदी का पानी पुल के ऊपर तक बौछार के रूप में फैल गया। इससे पहले की कोई कुछ समझ पाता, युवक तेजी से बाइक घुमाकर वापस लुहारी की ओर फरार हो गया। तेज धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। जिसके बाद आस पास काम कर रहे लोग नदी की ओर दौड़ पड़े। लेकिन विस्फोट किस चीज से हुआ, इसका कुछ पता नहीं चल सका।
इस संबंध में स्थानीय पुलिस से संपर्क किया गया तो उन्होंने ऐसी किसी घटना की जानकारी होने से इंकार किया है। घटना के बाद बडा सवाल बना हुआ है कि आखिर धमाका किस चीज से हुआ और इस व्यक्ति का मकसद क्या था। इसका पता नहीं चल सका। कस्बे के लोगों का कहना है कि इसकी गहनता से जांच करनी चाहिए।