शामली। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान सीएचसी में मिली खामियों पर चिकित्साधीक्षक को पत्र भेजकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
सीएचसी शामली के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि पांच दिन पहले डीएम अखिलेश सिंह ने सीएचसी शामली का निरीक्षण किया था। उनके निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों द्वारा बाहर की दवा लिखने और पेयजल आदि की खामियां मिली थीं। इसके बाद बुधवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण राज्यमंत्री अतुल गर्ग के निरीक्षण के दौरान सीएचसी के डाक्टरों द्वारा बाहर की ब्रांडेड महंगी दवा लिखने की शिकायत की गई थी। इसके अलावा पेयजल की व्यवस्था ठीक न होने और शौचालयों में टोंटी आदि खामियां पाई गई। एसीएमओ डा. सुशील कुमार ने बताया कि डीएम और राज्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान लगभग एक जैसी खामियां पाई गई है। डीएम ने बाहर की दवा लिखने पर अंकुश लगाने के लिए दवा वितरण कक्ष में सीसीटीवी कैमरा लगवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी कैमरा नहीं लगवाया गया। इसी तरह से अन्य व्यवस्थाओं में भी सुधार नहीं किया गया। एसीएमओ ने बताया कि इसे गंभीरता से लेते हुए सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. रमेश चंद्रा को पत्र भेजकर स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। साथ ही राज्यमंत्री द्वारा पिछले छह माह में मरम्मत खर्च के मांगे गए ब्यौरे को भी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए है। इसके लिए पत्र तैयार कराया जा रहा है।