थानाभवन। नगर पंचायत के कर्मचारियों और कुछ सभासदों ने मकानों का दाखिल खारिज करने के नाम पर बड़ा घोटाला कर दिया। मामले का पता लगने पर ईओ ने कर्मचारी को नोटिस जारी किया। जिसके बाद हड़कंप मचा हुआ है। इस मामले में कई पर कार्रवाई और गाज गिरना तय माना जा रहा है।
थाना भवन नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि क्षेत्र के नौगांव पट्टी क्षेत्र में बिना दाखिल खारिज और बिना बैनामा किए सीधे नाम दर्ज कर दिए गए। नोटिस के अनुसार, कई मकानों को हाउस टैक्स रजिस्टर में दर्ज करा दिया गया। पंचायत के एक कर्मचारी को भी नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में कर्मचारी ने कहा कि कुछ सभासदों ने दोबारा से सर्वे कराकर रजिस्टर में नाम चढ़वा दिए थे। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी ने बताया कि मकानों की सूची बनाई जा रही है। करोड़ों रुपये की राजस्व हानि और स्टांप चोरी होने की संभावना है। मामले की रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी। धोखाधड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कई अन्य मकानों के मामलों की भी जांच कराई जा रही है।