शामली। परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा की तिथि तो घोषित कर दी गई है, लेकिन अभी तक भी विद्यालयों में कोर्स पूरा नहीं किया गया है। ऐसे में बच्चे परीक्षा में अच्छे अंक कैसे ला सकते हैं। यह सोचने वाली बात है। अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
जनपद के 596 परिषदीय विद्यालयों में विभाग के निर्देश के अनुसार,16 मार्च को वार्षिक परीक्षा शुरू होने जा रही हैं। यह परीक्षा 21 मार्च तक जारी रहेगी। इसके बाद 31 मार्च को परीक्षा परिणाम जारी करते हुए एक अप्रैल से नया सत्र शुरू करने के निर्देश हैं। वार्षिक परीक्षा सिर होने के बावजूद काफी विद्यालयों में कोर्स पूरा नहीं हो पाया है। अब परीक्षा में केवल एक सप्ताह बाकी है, लेकिन कोर्स को लेकर अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं है। पड़ताल के दौरान सामने आया कि सिंभालका के प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय की कई कक्षाओं में महत्वपूर्ण विषयों के कोर्स अभी तक भी अधूरे हैं। इसमें प्राथमिक स्कूल की कक्षा-4 में पहुंचकर बच्चों से पूछा गया तो छात्रा सना ने बताया कि विज्ञान विषय को अध्यापिका कुसुम रानी पढ़ाती हैं। किताब में 18 अध्याय है, अभी तक 12 अध्याय ही पूरे हुए हैं। वहीं रानी ने बताया अंग्रेजी में 17 पाठ हैं, अभी तक केवल 7 पाठ पढ़ाए गए हैं। कक्षा पांच के रुपेश और मनप्रीत ने बताया कि अंग्रेजी में 17 पाठ है, अभी तक केवल 15 हुए हैं। गणित में 21 पाठ हैं, अभी तक 17 ही पाठ पूरे हुए हैं। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 8 में पता किया गया तो छात्र अस्वद ने बताया कि अंग्रेजी और हिंदी का कोर्स पूरा हो गया है, लेकिन गणित में 19 में से अभी 17 ही पाठ पूरे हुए हैं। कोर्स पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में कैसे परीक्षा में पास होंगे, यह डर परीक्षार्थियों को सता रहा है।
इन्होंने कहा
जल्द ही सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर कोर्स के बारे में पूछा जाएगा। जिन विद्यालयों में कोर्स पूरा नहीं है, उनका कोर्स परीक्षा से पहले ही पूरा कराने के निर्देश दिए जाएंगे। छात्रों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-कोमल, बीएसए, शामली