शामली जनपद में यूपी बोर्ड की 33 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा चल रही हैं। शासन के निर्देश पर बोर्ड ने किसी भी परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक को खुले या फिर बरामदे में परीक्षा न कराने के सख्त निर्देश दिए थे। जिसके बाद भी कई केंद्रों पर परीक्षा बरामदे में कराई जा रही हैं।
शासन ने वर्ष 2018 की बोर्ड परीक्षा नकलविहीन कराने का निर्णय लिया था। जिसके चलते बोर्ड ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सभी कमरों में ही सीसीटीवी लगवाकर कमरों के अंदर ही परीक्षा कराने के निर्देश दिए थे। मगर जनपद में इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। दिल्ली रोड स्थित देशभक्त इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों को बाहर खुले बरामदे में बैठाकर परीक्षा कराई जा रही हैं। जिस ओर अभी तक न तो जनपद के शिक्षा विभाग और न ही किसी सचल दल ने कोई आपत्ति उठाई है। जब केंद्र व्यवस्थापक से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि कॉलेज में 500 परीक्षार्थियों के बैठने की जगह है। जबकि केंद्र पर हाईस्कूल और इंटर के 749 परीक्षार्थी लगाए गए हैं। कॉलेज में केवल 12 कमरे हैं। प्रत्येक कमरे में 32 परीक्षार्थी बैठाए जा रहे हैं। जिसमें सभी कमरों में केवल 384 ही परीक्षार्थी एक बार में बैठ सकते हैं। जबकि कॉलेज में हाईस्कूल के 418 और इंटर के 331 परीक्षार्थी लगाए गए हैं। यह दिक्कत तभी आती है जब हाईस्कूल और इंटर का पेपर एक पाली में होता है। बरामदे में भी कैमरे लगवाए गए हैं।
परीक्षा में 665 परीक्षार्थी रहे गैर हाजिर
शामली। शुक्रवार को हाईस्कूल की चित्रकला और वाणिज्य की परीक्षा हुई। जबकि इंटर में इतिहास और कृषि भौतिकी और जंतु विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। जिसमें सभी केंद्रों पर पूरे 14324 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे और 665 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी व 13659 ने परीक्षा दी। सुबह की पाली में हाईस्कूल चित्रकला में 11100 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। 556 ने परीक्षा छोड़ी और 10544 ने परीक्षा दी। वहीं सुबह की पाली में ही इंटर इतिहास की द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। जिसमें 1691 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। 1622 ने परीक्षा दी और 69 ने परीक्षा छोड़ी। वहीं कृषि भौतिकी एवं जलवायु विज्ञान में 525 पंजीकृत रहे। 504 ने परीक्षा दी व 21 ने परीक्षा छोड़ी। द्वितीय पाली में इंटर कृषि वर्ग में कृषि जंतु विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। जिसमें 355 पंजीकृत रहे व 350 ने परीक्षा दी और पांच ने परीक्षा छोड़ी। हाईस्कूल में वाणिज्य में 455 पंजीकृत रहे। 442 ने परीक्षा दी और 13 परीक्षा से गैर हाजिर रहे। व्यवसायिक परीक्षा में 198 पंजीकृत रहे और एक ने परीक्षा छोड़ी। जिसमें 197 ने ही परीक्षा दी। कार्यवाहक डीआईओएस चंद्रशेखर ने बताया कि किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। सभी जगह शांतिपूर्वक परीक्षा हुई।