शामली। ऊर्जा निगम के अधिकारियों के खेल भी निराले हैं। झिंझाना में कोल्हू पर अवैध रूप से लाइन खींचने, दूसरे के नाम पर बिजली कनेक्शन देने और दरगाहपुर में बिना एस्टीमेट के 70 मीटर लाइन खींचने के मामले में 20 दिन बाद भी विभागीय अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि एसई ने तीन दिन के अंदर रिपोर्ट देने को कहा था। एसई ने मामले में फिर से रिपोर्ट तलब करते हुए कार्रवाई की बात कहीं है।
झिंझाना के कोल्हू पर अवैध रूप से बिजली लाइन खींचने का मामला सामने आया था। एक्सईएन रविंद्र सिंह की जांच में भी लाइन अवैध तरीके से खींची मिली थी। इसके अलावा झिंझाना में भी बिजली कनेक्शन किसी दूसरी महिला को देने का मामला सामने आया था। दरगाहपुर गांव में बिना एस्टीमेट और नियम विरुद्ध दो बिजली पोल लगाकर 70 मीटर अवैध रूप से लाइन बना दी गई थी। इस मामले में एसई ने जांच बैठाई तो विभागीय जांच में भी बिना एस्टीमेट ही लाइन खींची मिली। तीनों मामलों को बीते 20 दिन हो चुके हैं, मगर अभी तक किसी भी मामले में कार्रवाई नहीं की गई है। एसई नरेश कुमार का कहना है कि उन्होंने अभी ज्वाइनिंग की है। तीनों मामला का ब्योरा तलब कर रिपोर्ट तलब की जा एगी। जो भी मामलों में दोषी होगा, जांच के बाद कार्रवाई होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।