शामली। शासन ने नगर पालिका परिषद कैराना और शामली के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार रस्तोगी को सस्पेंड कर दिया है। उनके खिलाफ कार्य में अनियमितता की शिकायत की गई थी। मामले की जांच अपर जिलाधिकारी को सौंपी गई है।
जिलाधिकारी ओपी वर्मा ने बताया कि अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार रस्तोगी कैराना के साथ ही नगर पालिका परिषद शामली का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे।
पिछले दिनों कैराना नगर पालिका चेयरमैन राशिद अली ने शिकायत करके अधिशासी अधिकारी पर कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया था। शासन ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार रस्तोगी को सस्पेंड करते हुए उरई नगर पालिका परिषद से संबद्ध कर दिया है।
साथ ही प्रकरण की जांच अपर जिलाधिकारी को सौंप दी गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि निलंबन का आदेश आ गया है। उधर, अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार रस्तोगी का कहना है कि राजनीति के चलते उनका ट्रांसफर कराया गया है, उन्हें ट्रांसफर की जानकारी है निलंबन की नहीं।