औद्योगिक आस्थान की सीमा विस्तार का मुद्दा उठेगा
प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी आज शहर में
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। प्रदेश के औद्योगिक विकास, निर्यात मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी आज जिले के दौरे पर आएंगे। जिले के उद्यमी मंत्री को ज्ञापन देकर शामली के उद्योगों के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए दस करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिलाने और औद्योगिक आस्थान का विस्तार करने की मांग करेंगे।
मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी बृहस्पतिवार सुबह दस बजे दिल्ली से चलकर दोपहर 12 बजे थानाभवन में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा के यहां पहुंचेंगे। बाद में शाम 4:40 बजे पर पानीपत रोड ऑर्चिड होटल में आईआईए और होटल राजमहल में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां पर आईआईए और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की ओर से अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर शामली के उद्योगों के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए दस करोड़ रुपये का विशेष पैकेज उपलब्ध कराने, शामली औद्योगिक आस्थान का विस्तार करने की मांग रखी जाएगी।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकित गोयल ने बताया कि शामली औद्योगिक आस्थान की स्थापना वर्ष 1983 में हुई थी। इसके बाद 100 से ज्यादा औद्योगिक इकाई कार्यरत हैं। यहां पर नाले व सड़कों के लिए दस करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिए जाने और औद्योगिक आस्थान की सीमा विस्तार करने के लिए सरकारी नक्शा स्वीकृत किए जाने की मांग रखी जाएगी।