शामली। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापामारी का डर दिखाकर जेई और अन्य पर अवैध रूप से वसूली का आरोप लगाते हुए किसानों ने बृहस्पतिवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना दिया और नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। चेतावनी दी कि यदि अवैध रूप से वसूली करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ पांच दिन के अंदर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो अनिश्चितकाल के लिए धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के चेयरमैन और गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र मलिक के नेतृत्व में किसान अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। किसानों का कहना था कि क्षेत्र के लिसाढ़, कुरमाली कुड़ाना, मखमूलपुर आदि गांवों में ग्रामीणों का एक माह का अधिक बिजली बिल आ रहा है। इसके अलावा कुछ जेई और अन्य कर्मचारी बिजली चोरी का डर दिखाकर कई ग्रामीणों से 20 से लेकर 10 हजार रुपये तक की अवैध वसूली कर चुके हैं। आरोप है कि शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
किसानों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। यदि कोई शिकायत की बात कहता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी जेई देता है। दो घंटे तक चले धरने के दौरान किसानों ने नारेबाजी भी की । सूचना पर अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार और एक्सईएन मौके पर पहुंचे। किसानों को जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर किसानों ने धरना समाप्त किया। चेतावनी दी कि यदि पांच दिन के अंदर इस मामले में कोई कार्रवाई नही की गई तो अनिश्चितकाल के लिए धरना देने को मजबूर होंगे। धरना देने वालों में राजेंद्र मलिक, जगबीर फौजी, संजीव मलिक, राजबीर सिंह, नरेंद्र कुमार, रामबीर सिंह, सहेंसरपाल, दुष्यंत मलिक, भरतवीर सिंह, सुधीर कुमार आदि शामिल रहे।
अधिकारियों को भी बीच में बैठाए रखा
गुस्साएं किसानों ने ऊर्जा निगम एक्सईएन और अन्य कर्मचारियों को भी करीब एक घंटे तक बीच में बैठाए रखा। कहा कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं होगा, उन्हें नहीं जाने दिया जाएगा। हालांकि, बाद मेंं अधीक्षण अभियंता के आश्वासन पर किसान शांत हुए।
अवैध वसूली प्रकरण में कमेटी गठित कर दी गई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अवैध रूप से वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम शामली
अभी तक कार्रवाई नहीं
क्षेत्र के गांव मंगलौरा और उदपुर के ग्रामीणों ने विजिलेंस टीम के सदस्यों पर अवैध रूप से वसूली का आरोप लगाते हुए ऊर्जा निगम के अधिकारियों से शिकायत की थी। आरोप है कि दस से अधिक दिन बीत चुके हैं, मगर अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अधिशासी अभियंता ने जल्द जांच कराकर कार्रवाई की बात कहीं है।