शामली। उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति के तहत किसानों की इनकम को बढ़़ाने के लिए जिले के शामली, कैराना, जलालाबाद, थानाभवन के 79 कृषि उपकेंद्रों का चयन किया गया है। इसके तहत यूपीनेडा 79 उपकेद्रों के पांच किमी के दायरे में चिन्हित कृषक फीडरों के लिए सोलर पावर प्लांट लगाएगी जिस पर बिजली बनाई जा सकेगी।
यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी आरवी वर्मा ने बताया कि सोलर पावर प्लांट की क्षमता 0.6 मेगावाट से लेकर 9.2 मेगावाट तक होगी। 0.6 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट के लिए 2.3 एकड भूमि तथा 9.2 मेगावाट क्षमता हेतु 36.8 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। इच्छुक किसान प्रतिभागी बन सकते हैं या फिर अपनी भूमि सोलर डेवलपर को भी किराए पर उपलब्ध करा सकते हैं।
बताया कि सरकारी भूमि पहले अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग को 30 वर्ष के लिए 1.00 रुपये प्रति एकड़ प्रति वर्ष की लीज दर पर लीज पर प्राप्त होगी। यदि निवेशक केन्द्र, राज्य सरकार का कोई विभाग है या सार्वजनिक उपक्रम है तो उस दशा में लीज रेंट 1.00 रुपये प्रति एकड़ प्रतिवर्ष होगा। किंतु यदि निवेशक कोई गैर सरकारी निजी क्षेत्र का है तो उस दशा में लीज रेंट 15000 रुपये प्रति एकड़ प्रतिवर्ष होगा।