शामली के माजरा रोड पर विद्धयुत लाइन ठीक करते कर्मचारी । संवाद
शामली/झिंझाना। शामली शहर में जहां बिजली की लो वोल्टेज के कारण लोग परेशान रहे। वहीं झिंझाना कस्बे में ऊर्जा निगम की ओर से पुराने जर्जर तारों को बदलने के लिए कस्बे की आठ घंटे बिजली गुल रही, जिसमें लोग भीषण गर्मी में बिलबिला उठे। ऊर्जा निगम की ओर से सुबह 10 बजे से बिजली के पुराने तार बदलने का कार्य शुरू किया जो शाम छह बजे तक चलता रहा।
कस्बे में चल रही आर डीएसएस योजना के अंतर्गत जर्जर तारों को बदलने व कस्बे में एबी केबल डालने के लिए सोमवार से बुधवार तथा शुक्रवार को कार्य चलेगा। आठ घंटे आपूर्ति गुल रहने से वेल्डिंग का कार्य करने वाले जोगिंदर कुमार ने बताया कि आज पूरे दिन हाथ पैर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। शहजाद मिर्जा ने कहा कि आज सुबह से लेकर शाम तक बिजली न आने से कोई काम नहीं हो सका है। शटरिंग का काम करने वाले बिल्लन ने कहा कि बिजली न आने से पूरे दिन कार्य नहीं हुआ है।
वहीं शामली की सीबी गुप्ता कॉलोनी, वर्मा मार्केट, फव्वारा चौक पर दिनभर लो वोल्टेज के कारण पंखे आदि नहीं चल सके। जिसके कारण लोगों को परेशानी हुई। बिजली का आने और जाने का क्रम जारी रहा। इंडस्ट्रीयल एरिया में करीब दो घंटे आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एक्सईएन का कहना है कि फाल्ट के कारण लो वोल्टेज से परेशानी हुई। बाद में समस्या का समाधान करा दिया गया था। इसके अलावा माजरा रोड पर भी मेंटीनेंस कार्य होने के कारण करीब एक घंटा आपूर्ति बाधित रही।