शामली। बिजली के बिल जमा कराने को विभाग के अफसर किसान नेताओं की शरण में है। गांवों में ओटीएस स्कीम के प्रचार करके किसानों से सहयोग मांग रहे हैं।
शनिवार को बिजली विभाग के एसडीओ संजय कुमार चौधरी कुड़ाना गांव में किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक के आवास पर पहुंचे और ओटीएस स्कीम की जानकारी देते हुए बिजली बिल जमा कराने में सहयोग मांगा। उन्होंने बताया एक जून से लेकर 30 जून तक सभी कनेक्शनों पर जो 5 किलोवाट से कम है सर चार्ज की छूट दी गई है। किसान यूनियन राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने कहा किसान और मजदूर सभी समय पर बिल जमा करना चाहते हैं, लेकिन उनकी मजबूरी है कि जनपद में गन्ना भुगतान की वजह से ओटीएस स्कीम का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इसलिए बिजली विभाग यह बात सरकार तक पहुंचाए कि किसान के पास पैसा नहीं है, जल्द से जल्द गन्ने का भुगतान कराया जाए। इस मौके पर इरफान, रितेश, मनीष, जयपाल सिंह, राजेंद्र सिंह, कृष्णपाल मलिक आदि लोग मौजूद रहे।