विद्युत निगम ने पूरे गांव की काटी बिजली
झिंझाना। कुछ बकायेदारों की वजह से विद्युत निगम ने पूरे गांव की बिजली काट दी। रातभर गांव में लोग मच्छरों के प्रकोप को झेलते रहे।
क्षेत्र के गांव अशरफपुर में विद्युत निगम के कुछ बकायेदारों के कारण बिजली अधिकारियों ने पूरे गांव की बिजली की लाइन ट्रांसफार्मर से ही काट दी है। रविवार को दोपहर 12 बजे पूरे गांव की बिजली काट दी गई थी, तभी से गांव में पीने के पानी की किल्लत से जहां आम लोग परेशान हैं वहीं मवेशी भी। ग्रामीणों का कहना है कि डायल 1912 पर शिकायत करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। बिजली कटने से पूरी रात ग्रामीण मच्छरों के प्रकोप को झेलते रहे। सोमवार शाम तक भी बिजली की लाइन नहीं जोड़ी गई। विद्युत उपखंड अधिकारी रवि कुमार का कहना है कि हमें जेई रविंद्र सिंह ने बताया कि पूरे गांव पर बिजली का बिल बकाया है, इसलिए बिजली काटी गई है।