-हाईलाइन लॉस के चलते की गई कार्रवाई, एफआईआर दर्ज
कैराना। हाईलाइन लॉस के चलते विद्युत निगम द्वारा मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया। इस दौरान 24 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। मामले में आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
शुक्रवार को उपखंड अधिकारी ओपी बेदी के नेतृत्व में विद्युत निगम की टीम ने पुलिस बल के साथ नगर में बिजली चोरी की रोकथाम हेतु मॉर्निंग रेड अभियान चलाया। इस दौरान मोहल्ला खैलकलां, इमाम गेट व पुराना बाजार आदि में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिसमें 24 घरों में बिजली चोरी पकड़ी। टीम ने मौके पर वीडियोग्राफी करते हुए संबंधित व्यक्तियों के केबिल जब्त कर लिए और उन्हें बिजली चोरी नहीं करने की सख्त हिदायत दी। विद्युत निगम के अभियान के चलते बिजली चोरों में हड़कंप मचा रहा। वहीं दिनभर चलाएगे अभियान के दौरान बकायेदारों से लाखों रुपये भी बकाया जमा कराया गया। एसडीओ ओपी बेदी ने बताया कि हाईलाइन लॉस के चलते यह कार्रवाई की गई है। बिजली चोरों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सभी 24 लोगों के विरुद्ध बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज करा दी गई है। टीम में जेई राकेश कुमार, अमित राठी, सचिन तिवारी आदि मौजूद रहे।