शामली। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशियों और नेताओं के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमों के संबंध में प्रगति रिपोर्ट तलब की है।
तीन माह के भीतर जिले में विधानसभा चुनाव संपन्न हुए और नतीजे भी सामने आ गए। इसके साथ सरकार भी बन गई। विधानसभा चुनाव के दौरान जिले के विभिन्न थानों शामली, आदर्श मंडी, कांधला सहित अन्य थानों में करीब 15 मुकदमे विभिन्न नेताओं के खिलाफ दर्ज किए गए। इसमें आचार संहिता उल्लंघन दिखाया गया। सभी मुकदमों की विवेचना उसी दौरान शुरू हो गई थी। चुनाव को संपन्न हुए अब करीब दो माह से अधिक हो गए हैं। अमूममन इन तरह के केसों में पुलिस जांच कर अपनी रिपोर्ट कोर्ट में भेजती है, जिसके चलते आयोग के द्वारा इन सभी मामलों में प्रगति रिपोर्ट मांग ली गई है। आयोग द्वारा प्रशासन को भेजे गए पत्र में मांगा गया है कि पूरे जिले में कितने मुकदमे दर्ज किए गए थे और किस-किस नेता के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। सभी मुकदमों के संबंध की प्रगति रिपोर्ट स्थानीय पुलिस से तलब की गई है। अधिकारियों ने जिले के सभी थानाध्यक्षों से रिपोर्ट तलब की है।