-जिले के सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में एएसपी ओपी सिंह ने जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान आई आठ शिकायतों में दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
शनिवार को सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को सुनकर उनका निस्तारण किया। शहर कोतवाली में एएसपी ओपी सिंह ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान आठ शिकायतें आई, जिनमें पांच राजस्व विभाग और तीन पुलिस से संबंधित थीं। दोनों विभागों की एक-एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों को जल्द करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीओ सिटी बिजेंद्र भड़ाना भी मौजूद रहे।
कैराना कोतवाली में शनिवार को एसडीएम निकिता शर्मा की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस अवसर पर अधिकतर राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। कुल सात शिकायती प्रार्थना पत्र अधिकारियों के समक्ष पहुंचे, जिनमें किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान सीओ अमरदीप मौर्य आदि मौजूद रहे।
गढ़ीपुख्ता थाने पर समाधान दिवस में तीन लेखपाल ही पहुंचे। समाधान दिवस में मकान की दीवार, खेत की बंद नाली व चकरोड़ की तीन शिकायतें आई, लेकिन जिस क्षेत्र से शिकायतें आईं, उस क्षेत्र के लेखपाल ही समाधान दिवस में नहीं आए,जिससे फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। समाधान दिवस में लेखपाल विपिन कुमार, अरविंद, सूरज चौहान, रविन्द्र के अलावा थाना प्रभारी मौजूद रहे।