शामली। किसानों के विरोध के सामने बेबस विद्युत निगम अब पीएसी के दम पर नलकूपों पर मीटर लगवाएगा। इसके लिए अधीक्षण अभियंता रामकुमार ने पत्र लिखकर डीएम जसजीत कौर से एक प्लाटून पीएसी की मांग की है। शासन ने मार्च 2023 तक नलकूपों पर शत-प्रतिशत मीटर लगाने का लक्ष्य दिया है।
जिले में पिछले वर्ष मई में मीटर लगाने का कार्य शुरू किया गया था। इस कार्य को 100 दिन में पूरा किया जाना था। लेकिन किसानों के पुरजोर विरोध के चलते यह कार्य नौ माह में भी पूरा नहीं हो पाया। कई गांवों में मीटर लगाने पहुंची टीम को किसानों ने बंधक बना लिया था। कुछ जगह हाथापाई की घटनाएं भी हुईं थीं। कुछ जगह विद्युत निगम ने किसी तरह नलकूपों पर मीटर लगाए तो किसानों ने उखाड़कर बिजलीघरों पर जमा करा दिए। कई बार विद्युत निगम और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों के साथ बैठक कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनका विरोध अभी भी जारी है।
ऐसे में अब अधीक्षण अभियंता ने डीएम से पत्र लिखकर पीएसी उपलब्ध कराने की मांग की है। जिससे विद्युत विभाग की टीम भयमुक्त होकर नलकूपों पर मीटर लगा सकें। डीएम का कहना है कि अधीक्षण अभियंता का पत्र मिला है। एसपी को पीएसी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
-