- 18 मार्च से शुरू होगा बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
- जिले में आरके इंटर कॉलेज को बनाया गया मूल्यांकन केंद्र
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा 2023 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाई जाएगी। 18 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू होगा। जिले में राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा 16 फरवरी को शुरू हुई थी और चार मार्च को संपन्न हो गई। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी जिला विद्यालय निरीक्षक के स्तर से लगाई गई थी, जबकि पिछले साल कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाई गई थी। परीक्षा संपन्न होने के बाद अब परिषद की तरफ से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू हो गई है। परिषद ने 18 मार्च से मूल्यांकन कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।
जिले में पिछले सालों की तरह इस बार भी राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। परिषद की तरफ से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाई जाएगी। जिले के सभी अशासकीय सहायता प्राप्त, राजकीय और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षक के तौर पर मूल्यांकन में लगाई जाएगी। जिले में सभी माध्यमिक विद्यालयों में लगभग 1200 शिक्षक तैनात हैं। सभी शिक्षकों का संबंधित विवरण परीक्षा शुरू होने से पहले ही परिषद को भेजा जा चुका है।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन परिषद की तरफ से लगाई जाएगी। सभी माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का विवरण परिषद को परीक्षा शुरू होने से पहले भेजा जा चुका है।