शामली। दिल्ली मंडल से रेलवे का पांच दिवसीय ब्लाॅक नहीं मिलने से बलवा उपरिगामी एवं बाईपास के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन के शिफ्टिंग का कार्य अधर में लटका हुआ है।
दिल्ली-शामली, सहारनपुर हाईवे का शामली बाईपास के निर्माण का लगभग एक साल पूर्व पूरा हो चुका है। 400 केवी की बिजली की हाईटेंशन लाइन बलवा बाईपास के ऊपर से गुजरने के कारण बलवा उपरिगामी पुल की एप्रोच रोड का कार्य अधर में लटका है। एनएचएआई की निर्माण एजेंसी बिजली की लाइन शिफ्टिंग के लिए पोल तैयार कर चुकी है। बलवा उपरिगामी पुल निर्माण के लिए लिंटर डाल चुकी है। एनएचएआई बागपत की ओर से पावर काॅरपोरेशन विभाग से गत आठ अक्तूबर से लेकर 15 अक्तूबर तक शटडाउन मांगा था, किंतु शटडाउन शुल्क जमा न होने से एनएचएआई को शटडाउन नहीं मिला था। बाद में बिजली की लाइन बदलने के लिए उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल से गत 26,27, 28, 29 और 30 अक्तूबर के लिए रेलवे ब्लाक मांगा था। बताया जा रहा है कि दिल्ली मंडल के रेलवे के एक अफसर के अवकाश पर जाने से एनएचएआई को रेलवे का पांच दिवसीय ब्लाॅक नहीं मिल पाया है। दिल्ली- शामली, सहारनपुर हाईवे और शामली बाईपास की निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मेनेजर जितेंद्र बालियान ने बताया कि अगले एक माह में बाइपास की एप्रोच रोड और उपरिगामी पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। आगामी 15 दिसंबर के बाद बलवा उपरिगामी पुल और एप्रोच रोड बनकर तैयार हो जाने के बाद चालू होने की उम्मीद है।