शामली जिला अस्पताल में खाली पडी चिकित्सक की कुर्सी
शामली। जिला अस्पताल में सुबह दस बजे तक ओपीडी में ज्यादातर चिकित्सक नहीं पहुंचे। ओपीडी में चिकित्सक नहीं होने से मरीज चिकित्सकों के इंतजार में लाइन में लगे रहे। चिकित्सक न मिलने से मरीज परेशान रहे। जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अंजू जोधा चार दिन के अवकाश पर गई हुई है।
गर्मी के मौसम में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार को जिला अस्पताल में करीब 1200 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। मरीज सुबह आठ बजे से पहले ही पहुंचने शुरू हो गए थे। सुबह दस बजे तक मरीजों की ओपीडी में भीड़ लग चुकी थी, लेकिन ओपीडी में दो चिकित्सक को छोड़कर अन्य चिकित्सक नदारद रहे। जबकि जिला अस्पताल में 19 चिकित्सकों की तैनाती है। चिकित्सक न होने के कारण मरीज चिकित्सकों की इंतजार में लाइन में लगे रहे तो कुछ कुर्सियों ब बेंच पर बैठे थे। दस बजे के बाद ही चिकित्सक पहुंचने शुरू हुए। इसके बाद ओपीडी में मरीजों को इलाज मिल सका। जिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. अंजू जोधा शनिवार से चार दिन के लिए 21 मई तक अवकाश पर गई है। उनके बाद सीएमएस का प्रभार वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. अशोक कुमार के पास है। डॉ. अशोक कुमार शुक्रवार को अवकाश लेकर जरूरी काम से लखनऊ गए थे। ट्रेन लेट होने के कारण शनिवार को वे करीब 11 बजे पहुंचे। उन्होंने रास्ते में ही फोन से अन्य चिकित्सकों को ओपीडी में मरीजों की जांच करने के लिए कहा। प्रभारी सीएमएस ने कहा कि चिकित्सकों के ओपीडी में देर से पहुंचने की उन्हें जानकारी नहीं मिली। अगर ऐसा हुआ है तो वह इसकी जानकारी करेंगे।
बोले मरीज
गांव गोगवान निवासी इस्लाम ने बताया कि वह सुबह साढ़े आठ बजे अस्पताल आ गया था। डेढ़ घंटा हो गया कोई चिकित्सक नहीं आया। उसे सांस लेने में दिक्कत है।
गांव कंडेला निवासी ओमपाल ने बताया उसे काफी समय से खांसी है। गर्मी से बचने के लिए वह सुबह आठ बजे अस्पताल आ गया था, पर दो घंटे हो गए, डाक्टर नहीं आया।
कस्बा कैराना निवासी इसरत ने बताया उसे पेट में दर्द की समस्या है। वह सुबह आठ बजे आ गई थी। तब से लाइन में खड़ी हैे, लेकिन डाक्टर नहीं आए।