संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चल रहे कार्यक्रमों के जश्न में कोई असामाजिक तत्व बाधा न डाल दे। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। पुलिस ने देर रात यूपी हरियाणा बॉर्डर सीलकर चेकिंग अभियान चलाया।
आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर देशभर में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। 11 अगस्त से जगह-जगह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। 15 अगस्त को देश भर में स्वतंत्रता दिवस मनाया जाना हैं। वहीं, आजादी के जश्न में कोई भी असामाजिक तत्व भंग ने डाल दे। इसको लेकर जनपद व कैराना का पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शनिवार देर रात एएसपी ओपी सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कैराना कोतवाली क्षेत्र के यूपी हरियाणा बॉर्डर को सील किया। हरियाणा की ओर से आने वाले सभी वाहनों को रोककर सघन चेकिंग की गई।
एएसपी ने बताया कि आजादी के जश्न में कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी तरह की खुराफात कर उसे भंग न कर दें। इसको लेकर पुलिस-प्रशासन लगातार बॉर्डर पर निगरानी कर रहा है। जिससे सभी जगह आजादी का अमृत महोत्सव खुशहाली भाईचारे व देशभक्ति भावनाओं के साथ मनाया जाए। इस दौरान सीओ बिजेंद्र सिंह भड़ाना, कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान, यमुना ब्रिज पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल सिसोदिया सहित काफी संख्या में पुलिस के जवान मौजूद रहे।