कहीं छूट न जाए परीक्षा, आधी रात में ही निकल पड़े थे अभ्यर्थी
शामली। जिले में शनिवार को 13 केंद्रों पर पहली पाली में हुई प्रारंभिक पात्रता परीक्षा में दूसरे जिलों से आए अभ्यर्थी आधी रात में ही घर से निकल पड़े थे। बसों में भीड़ व जाम से जूझते हुए अभ्यर्थी केंद्रों पर पहुंचे। अभ्यर्थियों को डर था कि कहीं बस न मिले या समय पर न पहुंचने की वजह से परीक्षा न छूट जाए।
जिले में पहले दिन शनिवार को पहली पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। अभ्यर्थियों में पहली पाली में परीक्षा को लेकर केंद्र पर पहुंचने की ज्यादा चिंता थी। इसलिए वह केंद्र पर पहुंचने के लिए रात को ही घर से निकल पड़े थे। वीवी इंटर कॉलेज शामली केंद्र पर परीक्षा देने पहुंचे जिला बिजनौर के नूरपुर निवासी संजीव ने बताया कि वह रात को 12 बजे घर से चला था। उसे यह डर था कि बस समय से नहीं मिली तो कहीं उसकी परीक्षा न छूट जाए। वह सुबह पांच बजे शामली पहुंचा। बस में भीड़ बहुत थी और खड़े होकर सफर करना पड़ा।
बिजनौर निवासी ऐश्वर्या ने बताया कि वह सुबह तीन बजे बस से चली थी। बस में बहुत भीड़ थी, वह नौ बजे तक शामली पहुंची। उसे रास्ते में यही डर लगा रहा कि कहीं देर न हो जाए और परीक्षा न छूट जाए, लेकिन वह समय पर केंद्र पर पहुंची। उसका कहना था कि सरकार को केंद्र नजदीक बनाने चाहिए थे। अर्जुन, सोनू, विकास आदि ने भी रात में ही घर से चलकर शामली पहुंचना बताया।
--
पुत्रवधू ने दी परीक्षा, सास ने संभाला बच्चा
शामली। पीईटी की परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के साथ परिजन भी पहुंचे थे। खासतौर से महिलाओं और युवतियों के साथ उनके अभिभावक आए थे। कई महिलाएं ऐसी थीं, जिनके बच्चे छोटे थे, जिन्हें उनके परिजन संभाल रहे थे। जिला बागपत के गांव बूढ़पुर से सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल में अंजलि परीक्षा देने आई थी। केंद्र के बाहर उसकी सास राकेश चार माह के बच्चे को संभाल रही थी।
--
डीएम-एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
शामली। जिले में शनिवार को 13 केंद्रों पर हुई प्रारंभिक पात्रता परीक्षा में डीएम जसजीत कौर व एसपी अभिषेक ने हिंदू कन्या इंटर कॉलेज, वीवी इंटर कॉलेज, सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल, स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल आदि का निरीक्षण कर परीक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे व अन्य व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
शामली वीवी इंटर कॉलेज में पीईटी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने जाते डीएम जसजीत कौर व एसपी अभिषेक झा।- फोटो : SHAMLI
शामली में सिलवर बेल्स स्कूल में परीक्षा देने गई पुत्रवधु के बच्चे को लेकर स्कूल के बाहर खड़ी सास ?- फोटो : SHAMLI
शामली सिलवर बेल्स स्कूल में परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करते डीएम जसजीत कौर व एसपी अभिषेक झा।- फोटो : SHAMLI