संवाद न्यूज एजेेंसी
शामली। विकास भवन में डीडीओ कार्यालय लिपिक के रिश्वत लेने के बाद अधिकारियों पर सवाल उठने लगे हंै। शासन की सख्ती के बाद अब डीएम भी अपने तरीके से गोपनीय जांच कराएंगे और उसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। वहीं जेल गए लिपिक पर आज निलंबन की गाज गिर सकती है, जिसकी फाइल तैयार हो गई है। वहीं यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
शनिवार को विकास भवन में डीडीओ कार्यालय में तैनात लिपिक अक्षय कुमार को एंटी करप्शन टीम ने तीस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया था। इसके बाद डीडीओ पर भी रिश्वत मांगने का आरोप लगा था और इस मामले में टीम ने डीडीओ रजत यादव का नाम शामिल करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
डीडीओ का नाम सामने आने के बाद ग्राम्य विकास आयुक्त ने भी कार्रवाई के आदेश दिए थे। अब डीएम रविंद्र सिंह भी गोपनीय तरीके से मामले की जांच कराएंगे और जांच में यदि डीडीओ पर आरोप साबित होते है तो वह इसकी रिपोर्ट शासन को भेजेंगे। इसके अलावा कई विभागों पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोप की भी अपने स्तर से जांच कराएंगे। वहीं जेल गए लिपिक अक्षय के निलंबन करने की कार्रवाई पूरी हो चुकी है और मंगलवार को लिपिक पर गाज गिर सकती है। इसकी फाइल शासन को भेजी जा रही है। इसके बाद कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।