झिंझाना। बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि हरियाणा की ओर से काफी संख्या में उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूर यमुना नदी के अलग - अलग रास्तों से निकलकर उत्तर प्रदेश की सीमा में आ रहे हैं । इतना ही नहीं हरियाणा की सीमा में भारी तादाद में उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूर मौजूद है जो इधर-उधर के रास्तों से उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं इस सूचना पर डीएम जसजीत कौर , पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल , सीओ कैराना प्रदीप कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक झिंझाना पी के सिंह आदि अधिकारीगण मौके पर पहुंचे । अधिकारियों के इस दल ने बिड़ौली के अलावा शीतल गढ़ी , चौतरा घाट आदि स्थानों का निरीक्षण किया। आला अधिकारियों ने क्षेत्रीय पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए ताकि सभी को थर्मल चेकिंग के बाद , एक व्यवस्थित तरीके से उनके घरों तक भिजवाया जा सके । इसके बाद जिले का पुलिस एवं प्रशासनिक अमला बांध के रास्ते सीधे कैराना की ओर निकल गया । उधर, बृहस्पतिवार की सुबह करनाल हाईवे पर अहमदगढ़ चौकी के पास पैदल चलकर कुछ यात्री पहुंचे थे। बताया जाता है कि पुलिस ने उन्हें वापस भगा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक पीके सिंह का कहना है कि उन श्रमिकों को पुलिस थर्मल चेकिंग के बाद सिस्टम के तहत भिजवाना चाह रही थी उन्हें लगा कि पुलिस हमें भगा रही है , मगर ऐसा नही है।