कांधला। कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी एक विवाहिता ने अपने पति सहित ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर तीन तलाक देने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कस्बे के मोहल्ला खेल निवासी मेहरबान ने बताया कि उसने अपनी पुत्री रेशमा की शादी 6 वर्ष पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव लिलौन निवासी युवक के साथ की थी। आरोप है कि दहेज की मांग करते हुए ससुरालिए रेशमा का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करते थे। विवाहिता ने अपने मायके वालों को बताया था कि उसका पति दहेज में दो लाख रुपए की मांग कर रहा है। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी ससुराल वाले पीड़िता को मारपीट करते हुए कस्बे में छोड़कर फरार हो गए । आरोप है कि पति ने तीन तलाक दिया। शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पति कादिर,ससुर, अय्यूब,सास फरजाना,ननद गुलिस्ता के विरुद्ध दहेज एक्ट सहित तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कर किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।