जिला अस्पताल में चिकित्सक को दिखाने के लिए मरीजों की लगी भीड़ । संवाद
शामली। दो दिन की छुट्टी के बाद जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी रही। ओपीडी में 1267 मरीज पहुंचे। सबसे अधिक मरीज हड्डी रोग व वायरल के रहे।
रविवार को साप्ताहिक छुट्टी और सोमवार को गणतंत्र दिवस पर जिला अस्पताल में ओपीडी बंद रही। दो दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को अस्पताल खुला। अस्पताल में सुबह से ही मरीज पहुंचने शुरू हो गए थे। दस बजे मरीजों की कतार लग गई थी। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया। मरीजों को भीड़ के कारण अपने नंबर का इंतजार करना पड़ा। जिला अस्पताल में 956 मरीजों के नए पर्चे बने और 311 मरीजों ने पुराने पर्चे पर आए। सबसे अधिक हड्डी रोग से संबंधित 384 मरीज आए। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रामनिवास व डॉ. राघव अग्रवाल ने मरीजों की जांच कर उपचार दिया। फिजिशियन डॉ. सचिन मलिक ने 167 मरीजों की जांच की। सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि चिकित्सकों ने ओपीडी में आए सभी मरीजों की जांच कर उपचार दिया गया।