- 31 मई तक तक 496 किसानों से 13,891 क्विंटल खरीदा गया गेहूं
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। प्रदेश में गेहूं खरीद में जिला 17वें और सहारनपुर मंडल में दूसरे स्थान पर है। किसानों से गेहूं खरीद में सिर्फ 15 दिन बाकी हैं। जिले में 31 मई तक 13,891 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। जबकि पिछले साल 14,339 क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार 448 क्विंटल गेहूं कम खरीदा गया है।
जिले में 27 खरीद केंद्रों में पिछले दो माह में 13,891 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। जो तीन लाख क्विंटल के सापेक्ष 4.63 प्रतिशत है। जिले की खरीद एजेंसी खाद्य निगम की ओर से 4,504.5 किवंटल, पीसीएफ ने 8052 क्विंटल, पीसीयू 1057 क्विंटल, भारतीय खाद्य निगम द्वारा 277.5 क्विंटल गेहूूं खरीदा गया है। जबकि गत वर्ष शामली जिले में 31 मई 2022 तक 14,339 क्विंटल गेहूं खरीदा गया था। पिछले साल के सापेक्ष इस साल 448 क्विंटल कम गेहूं खरीदा गया है।
डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार के मुताबिक इस साल 496 किसानों से 265.67 लाख रुपये का गेहूं खरीदा गया है। उन्होंने बताया कि गेहूं खरीद में जिला यूपी में 17वें स्थान और सहारनपुर मंडल में दूसरे स्थान पर है। सहारनपुर मंडल में पहले स्थान पर सहारनपुर और दूसरे स्थान पर शामली, तीसरे स्थान पर मुजफ्फरनगर जिला है। उन्होंने बताया कि 15 जून तक सभी खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद होगी। खरीद केंद्रों पर अच्छी गुणवत्ता का गेहूं नहीं आ रहा है। ज्यादा खराब गुणवत्ता का गेहूं वापस किया जा रहा है।
- बाजार में किसानों को मिला अधिक दाम
इस वर्ष गेहूं के सरकारी मूल्य से अधिक दाम किसानों को बाजार में मिला। सरकार ने किसानों का गेहूं 2115 रुपये प्रति क्विंटल की खरीद की। जबकि बाजार में किसानों को 2300 रुपये तक दाम मिले। जिसकी वजह से किसानों ने सरकारी खरीद केंद्रों का रुख नहीं किया। इस बार बारिश में किसानों की गेहूं की फसल काफी फसल नष्ट हो गई थी। जिसकी वजह से भी किसान गेहूं बेचने सरकारी खरीद केंद्र पर नहीं पहुंचे।