फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकतंत्र के महोत्सव में पड़ा खलल

Mon, 28 May 2018 11:33 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/ शामली
विज्ञापन
शामली के वीवी इंटर कालेज के सामने आपस में भिड़ते युवक। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली के कैराना क्षेत्र के गांव भूरा में मतदान केंद्र पर जमकर बवाल हुआ। फर्जी मतदान करने से रोकने पर मतदान अधिकारी को पीटा गया और विरोध करने पर पथराव कर वाहनों में तोड़फोड़ कर दी गई। इस मामले में कैराना कोतवाली प्रभारी की तरफ से दो नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं, हिरासत में लिए गए दो आरोपियों को थाने से जमानत देकर छोड़ दिया गया। सोमवार की दोपहर कैराना क्षेत्र के गांव भूरा में मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था। करीब एक बजे मतदान केंद्र के बूथ संख्या 173 पर एक व्यक्ति जब मतदान करने पहुंचा, तो गेट पर पुलिसकर्मियों ने उसे पहचान पत्र चेक करने के लिए रोक लिया। इसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद उक्त व्यक्ति के साथियों ने मतदान अधिकारी नीटू कुमार से मारपीट कर दी तथा फर्जी मतदान करने से रोकने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद जब पुलिस ने हंगामा करने वालों को खदेड़ने के लिए बल प्रयोग किया, तो भीड़ इकट्ठा हो गई और उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया। मतदान केेंद्र के बाहर खड़ी पोलिंग पार्टी की बस के तमाम शीशे तोड़ दिए गए तथा पुलिस की एक बोलेरो का शीशा भी तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए उपद्रव करने वालों को खदेड़ दिया। इस मामले में कैराना कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह की तरफ से गांव भूरा निवासी विकल और ओमकार उर्फ मामू तथा अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, गाली गलौज, मारपीट और अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, मौके से हिरासत में लिए गए विकल और ओमकार को थाने से ही जमानत देकर छोड़ दिया गया। कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है। बवाल के कारण प्रभावित हुआ मतदान गांव भूरा में मतदान केंद्र पर बवाल होने के बाद करीब सवा घंटे तक मतदान प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी केबी सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने बवाल करने वालों को दूर तक खदेड़ा। इस दौरान करीब सवा घंटे तक मतदान प्रभावित भी हुआ। पुलिस पर लगाया उत्पीड़न का आरोप गांव भूरा में हुई घटना के बाद भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह के मुख्य चुनाव अभिकर्ता ओपी कौशिक, अनुज चौहान तथा गुरदीप आदि भी मौके पर पहुंचे। उन्हें लोगों ने बताया कि पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट की तथा कई महिलाओं से भी मारपीट की गई। मकान के बाहर रखी दो चारपाई भी तोड़ दी गई। आरोप है कि गांव के ही प्रदीप का मोबाइल फोन छीन लिया गया तथा प्रमोद की टांग में डंडा मारकर चोट पहुंचाई गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने हवाई फायरिंग भी की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग होने से इंकार किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें