छेड़खानी को लेकर दो पक्षों में विवाद
झिंझाना। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार रात करीब दस बजे उसका पति अपनी बेटी के साथ घेर से घर आ रहे थे। रास्ते में अंकुर कपिल व रामकुमार ने उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करते हुए उसे कमरे में खींचने की कोशिश की। लड़की ने विरोध करते हुए शोर मचाया और उसके पति ने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी पक्ष के करीब 11 लोगों ने घर पर हमला बोल दिया। इस हमले में पीड़ित पक्ष के छह लोग घायल हो गए। दो घायलों को अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला लड़की से छेड़छाड़ का न होकर दो पक्षों के बीच शराब पीकर झगड़ा होना सामने आया है। इस मामले में दोनों पक्षों से 11 लोगों के खिलाफ शांति भंग की धारा में और छह लोगों के विरुद्ध मुचलका पाबंद की कार्रवाई की गई है।