प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों पर आई आपत्तियों का हुआ निस्तारण
शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर 2023 की परीक्षा के लिए प्रस्तावित 37 केंद्रों की आई 24 आपत्तियों का जिला स्तरीय कमेटी द्वारा निस्तारण कर दिया गया है। आपत्तियों के बाद कई परीक्षा केंद्र हटाकर उनके स्थान पर दूसरे कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया है। अब जिले में 38 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जिनकी सूची बोर्ड को भेजी जाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में बोर्ड की तरफ से 37 प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की गई थी। प्रस्तावित केंद्रों पर 14 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गईं थीं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को प्रस्तावित केंद्रों पर विभिन्न कॉलेजों से 24 आपत्तियां आईं थीं। सोमवार को कलक्ट्रेट में डीएम जसजीत कौर की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति ने आपत्तियों का निस्तारण किया। समिति में तीनों तहसील के एसडीएम, एडीएम संतोष कुमार सिंह, बीएसए राहुल मिश्रा, डीआईओएस सरदार सिंह, प्रधानाचार्य अमित मलिक व वीके गुलाटी शामिल रहे।
डीआईओएस सरदार सिंह ने बताया कि आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब जिले में 38 केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। बोर्ड की तरफ से जारी प्रस्तावित सूची में छह राजकीय इंटर कॉलेज के स्थान पर अब तीन राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। अशासकीय सहायता प्राप्त 18 प्रस्तावित केंद्रों के स्थान पर अब 24 कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। इसी तरह वित्तविहीन 13 कॉलेजों के स्थान पर 11 कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद तीन राजकीय, 24 अशासकीय सहायता प्राप्त और 11 वित्त विहीन माध्यमिक विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र प्रस्तावित किया गया है। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची बोर्ड को भेजी जाएगी। इसके बाद बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।