कैराना। सीमा विस्तार के बाद पानीपत रोड स्थित गुलशन नगर को नगर पालिका में शामिल तो कर लिया गया है। लेकिन यहां रही सही सुविधाएं भी लोगों की चली गई। चारों ओर गंदगी, जलजमाव, कच्ची सड़कों को देखकर लोग यही कह रहे है कि इससे अच्छा तो हम गांव में ही ठीक थे। यहां के नागरिकों की मांग है कि पालिका में शामिल होने के बाद उन्हें नगर पालिका जैसी सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।
नगर के पानीपत रोड पर स्थित गुलशन नगर को पिछले साल सीमा विस्तार के चलते नगर पालिका में शामिल कर लिया गया था। यहां की मुख्य एक सड़क तो ईंटों की बनी है, लेकिन अंदर कोई सड़क नहीं है। केवल मिट्टी का उबड़ खाबड़ रास्ता ही है। कई स्थानों पर खाली प्लाट है जिनमें कूड़े के ढेर लगे हैं। बरसात में यहां स्थिति और भी खराब हो जाती है। बरसात में गंदगी के साथ मिट्टी की सड़क पर पानी भरने के कारण फिसलन हो जाती है। 29 जुलाई को गुलशन नगर में अपने ताऊ के घर आए चार वर्षीय मोहम्मद साद की बस्ती में ही भरे बरसात के पानी में डूबने से मौत हो गई थी। यहां पर सफाई कर्मचारी भी नहीं आते हैं। नालियों में गंदगी भरी रहती है। जिस कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है।
पालिका बोर्ड की बैठक में सीमा विस्तार के बाद पालिका में शामिल बाहरी बस्तियों में सडक, नाली व साफ सफाई के लिए 16 करोड़ का बजट पास कराया गया है। जल्द ही इन बस्तियों में विकास कराया जायेगा।
-इन्द्रपाल सिंह अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका कैराना।
विद्युत कनेक्शन लेने में भी आ रही समस्या
गुलशन नगर में विद्युत लाइन तो बिछी हुई है, लेकिन विद्युत पोल 100 मीटर की दूरी पर है। यहां के लोगों ने बताया कि पहले तो लाइनमैन दूर लगे पोल से विद्युत सप्लाई जोड़ देते थे, लेकिन अब अगर किसी को कनेक्शन बिल जमा नहीं होने के कारण काट दिया जाता है और वो बकाया जमा करा कर दोबारा कनेक्शन जोड़ने को कहता है तो विद्युत विभाग के अधिकारी कहते हैं कि पोल से 40 मीटर के अंदर ही सप्लाई जोड़ी जाएगी। जबकि पोल की दूरी 100 मीटर तक है। जिस कारण कई लोगों के घरों में विद्युत भी नहीं है।
यह बोले लोग
मच्छरों से परेशान है
मिस्त्री अब्दुल्ला ने बताया कि हम तो गांव में ही अच्छे थे। यहां बरसात में तो गलियों से निकलना भी मुश्किल होता है। गंदगी के कारण मच्छर बहुत परेशान करते हैं।
सड़कों की हालत खराब
असद ने बताया कि सड़कों की हालत बहुत ही खराब है। कई बार तहसील दिवस में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
कनेक्शन लेने में आ रही परेशानी
-इंतजार ने बताया कि विद्युत खंबे दूरी पर होने के कारण नए कनेक्शन लेने में भी परेशानी आ रही है। जेई कहता है कि खंबे से 40 मीटर दूरी तक ही कनेक्शन दिया जायेगा।
कीचड़ से होती है परेशानी
युसुफ ने बताया कि हर समय सड़कों पर कीचड़ रहता है। चलना भी दुश्वार हो जाता है। पहले प्रधान जी सुन तो लेते थे, यहां तो कई सुनवाई ही नहीं हो रही।
सड़कों पर भरा रहता है पानी
शाहिद ने बताया कि पेयजल तो सही आता है, लेकिन खाली प्लाॅटों में कूड़े के ढेर व गंदगी के कारण परेशानी होती है। आए दिन सड़कों पर भी गंदा पानी भरा रहता है।