बोर्ड पर शिक्षक की फोटो के साथ नाम व अन्य विवरण होगा अंकित
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बोर्ड पर दिखेगी शिक्षकों से संबंधी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। परिषदीय विद्यालयों में हमारे शिक्षक नाम से बोर्ड लगाएं जाएंगे। इन पर विद्यालय में नियुक्त शिक्षकों के नाम व फोटो के साथ पूरा विवरण लिखा जाएगा। बोर्ड के लगने से अभिभावकों और निरीक्षण करने वाले अधिकारियों को विद्यालय में नियुक्त शिक्षकों के बारे में एक ही स्थान पर जानकारी मिल सकेगी।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति व ड्यूटी में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। शासन को अक्सर शिकायतें मिलती हैं कि विद्यालयों में शिक्षकों के स्थान पर अन्य व्यक्ति पढ़ाता है। इनके मद्देनजर शासन ने सभी परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में हमारे शिक्षक नाम से बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। इस बोर्ड पर विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के नाम, फोटो, पदनाम, शैक्षिक योग्यता, विद्यालय में तैनाती का साल और मानव संपदा की आईडी आदि लिखी जाएगी। शासन का मानना है कि बोर्ड लगने से विद्यालय में नियुक्त शिक्षकों के बारे में अभिभावकों और निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को सभी शिक्षकों की जानकारी एक साथ मिलेगी। यदि शिक्षक के स्थान पर अन्य कोई व्यक्ति पढ़ाता है तो वह तुरंत पकड़ में आ सकेगा। बेसिक शिक्षा के जिला समन्वयक अमित कुमार ने बताया कि शासन की तरफ से विद्यालयों में हमारे शिक्षक नाम से बोर्ड लगाने के निर्देश मिले हैं। जल्द ही सभी विद्यालयों में बोर्ड लगाएं जाएंगे।
एक बोर्ड पर छह शिक्षकों का विवरण
शासन ने विद्यालयों में लगाए जाने वाले हमारे शिक्षक बोर्ड के मानक भी निर्धारित कर दिए हैं। यह बोर्ड विद्यालय में ऐसे स्थान पर लगाया जाएगा, जो प्रवेश करते ही दिखाई दे। बोर्ड को फ्लैक्स शीट पर बनाया जाएगा। एक बोर्ड पर अधिकतम छह शिक्षकों का विवरण अंकित होगा। छह से अधिक शिक्षक होने पर दो बोर्ड लगाए जाएंगे। शिक्षक की फोटो तीन इंच चौड़ी और चार इंच लंबी होगी। शिक्षकों की पदोन्नति, स्थानांतरण व सेवानिवृत्ति होने के साथ ही बोर्ड को अपडेट किया जाएगा। बोर्ड लगाने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों व वार्डन की रहेगी।