शामली। कंडेला में उपरिगामी पुल की ऊंचाई बढ़ाने का डिजाइन आगामी दस फरवरी तक तैयार होगा। दस फरवरी के बाद डिजाइन को मंजूरी के लिए बागपत एनएचएआई को भेजा जाएगा। डिजाइन तैयार होने के बाद री-एस्टीमेट केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय नई दिल्ली को भेजा जाएगा। वहां से कंडेला उपरिगामी की ऊंचाई बढ़ाने का बजट स्वीकृत होगा। उसके बाद कंडेला उपरिगामी पुल का निर्माण शुरू हो पाएगा।
पानीपत-खटीमा और मेरठ-करनाल हाईवे को जोड़ने वाले कंडेला-टपराना बाईपास का पिछले एक साल से निर्माण चल रहा है। कंडेला में उपरिगामी पुल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग को लेकर किसानों का 47 दिन से बेमियादी धरना जारी है। किसानों ने पुल की ऊंचाई न बढ़ने पर निर्माण कार्य रुकवा रखा है। कैराना सांसद प्रदीप चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर पूरा मामले की जानकारी देकर कंडेला उपरिगामी पुल के डिजाइन में बदलाव करने का सुझाव दिया था।
सांसद के सुझाव पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर कंडेला उपरिगामी पुल का नया डिजाइन बनवाया जा रहा है। निर्माण एजेंसी के परियोजना प्रबंधक घनश्याम सिंह के मुताबिक दस फरवरी तक कंडेला उपरिगामी पुल का नया डिजाइन बनकर तैयार हो जाएगा। डिजाइन की तकनीकी जांच के बाद बागपत एनएचएआई को भेजा जाएगा। बागपत एनएचएआई पुल का नया एस्टीमेट तैयार करेगा। इस एस्टीमेट को बागपत एनएचएआई की ओर से केंद्रीय मंत्रालय नई दिल्ली को भेजा जाएगा। वहां से धनराशि स्वीकृति के बाद निर्माण एजेंसी उपरिगामी पुल का निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराएगी।
हालांकि कंडेला-टपराना बाईपास के निर्माण के लिए 31 मई 2024 को लक्ष्य दिया गया है। कंडेला में उपरिगामी पुल कार्य पिछड़ जाने के बाद आगामी 15 अगस्त के बाद कार्य पूरा हो पाएगा।