शामली। जिले में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप है, लेकिन जिला मलेरिया विभाग में महत्वपूर्ण पद रिक्त चल रहे हैं। अब जिला मलेरिया अधिकारी के निलंबन के बाद यह पद भी रिक्त हो गया है। इनके स्थान पर मुजफ्फरनगर की जिला मलेरिया अधिकारी को शामली का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है, लेकिन उन्होंने अभी तक ज्वाइन नहीं किया है।
जिले में डेंगू, मलेरिया,टाइफाइड और वायरल बुखार का प्रकोप चल रहा है। सरकारी व निजी अस्पतालों में बुखार के मरीजों की भीड़ है, लेकिन जिला मलेरिया विभाग स्टाफ व संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। मलेरिया विभाग के पास अपनी लैब नहीं है। विभाग को जिला अस्पताल या सीएचसी की पैथोलोजी लैब पर निर्भर रहना पड़ता है। शासन ने एक सप्ताह पहले जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार को निलंबित कर स्वास्थ्य निदेशालय लखनऊ से संबद्ध किया गया है। इनके निलंबन के बाद से यह पद रिक्त चल रहा है। हालांकि शासन ने मुजफ्फरनगर की जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अलका सिंह को शामली जिले का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें तीन दिन शामली व तीन दिन मुजफ्फरनगर में रहने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने शामली की सुध नहीं ली है।। जिला मलेरिया विभाग में सहायक मलेरिया अधिकारी के स्वीकृत दोनों पद रिक्त है। वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक भी नियुक्त नहीं है। मलेरिया निरीक्षक के पांच पदों में तीन नियुक्त है। फील्ड वर्कर के सभी पांच पद रिक्त है। सीनियर लैैब टैक्नीशियन का पद खाली चल रहा है। इनके स्थान पर कुड़ाना सीएचसी पर तैनात सहायक लैब टैक्नीशियन को विभाग से संबद्ध किया गया है। इनके अलावा वरिष्ठ लिपिक, कनिष्ठ लिपिक के पद भी रिक्त चल रहे हैं। विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व स्वीपर भी नहीं है।
डेंगू के 22 व मलेरिया के मिल चुके 54 केस
जिले में इस साल में अब तक डेंगू के 22 मामले सामने आ चुके हैं। पिछले साल 2022 में डेंगू के 92 केस मिले थे। इसी तरह मलेरिया के पिछले साल 91 केस मिले थे जबकि अब तक 54 केस सामने आ चुके हैं। 2021 की बात करें तो मलेरिया के 57 केस मिले थे जबकि डेंगू के रिकार्ड 200 केस सामने आए थे।
जिला मलेरिया विभाग में कई महत्वपूर्ण पद रिक्त चल रहे हैं। रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए शासन को मांग पत्र भेजा गया है। जिला मलेरिया अधिकारी के पद पर मुजफ्फरनगर की जिला मलेरिया अधिकारी को सप्ताह में तीन दिन शामली में रहने के लिए निर्देश गए हैं दिए हैं। उन्होंने अभी ज्वाइन नहीं किया है।
-डॉ. संजय अग्रवाल, सीएमओ