बालक में हुई डेंगू की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग पहुंचा घर
शामली। कस्बा थानाभवन में आठ वर्षीय बालक में डेंगू बुखार की पुष्टि हुई है। इसकी जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य टीम ने पीड़ित के घर पहुंचकर जानकारी ली और आसपास कीटनाशक का छिड़काव कराया। जिले में इस साल में डेंगू का यह दूसरा केस मिला है।
जिले में डेंगू बुखार भी दस्तक दे रहा है। पिछले महीने शामली के 75 वर्षीय बुजुर्ग को गाजियाबाद के निजी अस्पताल में हुई जांच में डेंगू होने की पुष्टि हुई थी। बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने उसकी मौत अन्य बीमारी की वजह से होना माना है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बुजुर्ग को शुगर, गुर्दे व अन्य बीमारियां थीं, जिसके चलते उसे गाजियाबाद के निजी अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया था। अब कस्बा थानाभवन में सीएचसी कैंपस के सामने रहने वाले आठ वर्षीय बालक को बुखार आने पर परिजनों ने उसकी मेरठ मेडिकल सहारनपुर में जांच कराई। जांच में डेंगू की पुष्टि होने पर चिकित्सकों ने उसे वहीं पर भर्ती कर उपचार किया। उपचार के बाद अब वह घर पर है और ठीक है। सहारनपुर से इसकी जानकारी मिलने पर मंगलवार को जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार टीम के साथ बुखार पीड़ित के घर पहुंचे और बालक के बारे में जानकारी ली। स्वास्थ्य टीम ने घर के आसपास कीटनाशक का छिड़काव कराया और लोगों को बुखार के लक्षण, बचाव व उपचार की जानकारी दी। लैब सहायक अवधेश वाड़ेकर ने बताया कि बनत में स्थित एक विद्यालय और इस्सोपुर टील में गोशाला में कीटनाशक का छिड़काव कराया गया और ग्रामीणों को स्वास्थ्य शिक्षा दी गई।
कोरोना के पांच केस मिले, छह हुए ठीक
शामली। जिले में मंगलवार को कोरोना के पांच नए केस मिले हैं, जबकि छह मरीज ठीक हुए हैं। अब सक्रिय केस की संख्या 17 हो गई है।
कोरोना संक्रमण के नए मामलों में गांव बलवा में आठ वर्षीय बालक, कैराना के छड़ियान मोहल्ले में 62 वर्षीय महिला, आर्यपुरी मोहल्ले में 35 वर्षीय महिला, थानाभवन के रेत्ती मोहल्ले में 35 वर्षीय महिला और गांव भाज्जू में 22 वर्षीय युवक शामिल है। पूर्व में मिले कोरोना के छह मरीज ठीक हुए हैं। अब कोरोना के सक्रिय केस की संख्या 17 हो गई है।