शामली। विद्युत संविदा कर्मचारियों ने शुक्रवार को तबादलों के विरोध में कलक्ट्रेट पहुंचकर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। डीएम कार्यालय में ज्ञापन दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि निविदा व संविदा कर्मचारियों के तबादले सुदूर इलाकों में किया जा रहा है। वेतन कम होने की वजह से इतनी दूर काम करना नामुमकिन है। उन्हें महज आठ हजार रुपये प्रतिमाह ही मिलते हैं। वह भी समय पर नहीं मिलते। इससे उनके भरण-पोषण पर संकट खड़ा हो जाएगा। संविदा कर्मचारियों के साथ दुर्घटना होने पर विभाग और कंपनी उनकी सुध भी नहीं लेती। ऐसे में उनका स्थानांतरण रोका जाए। साथ ही उन्होंने दुर्घटना में घायल होने वाले मजदूरों के इलाज की व्यवस्था कराने की मांग भी की। प्रदर्शन करने वालों में अमित पंवार, इकरार, पवन, रविंद्र, पुष्पेंद्र, राजेंद्र, सोनू, मोनू, मारूफ, ललित, नरेश, रजत, मनोज, राकेश, दीपक, रामवीर, सहेंद्र आदि मौजूद रहे।